18 फरवरी को राष्ट्रव्यापी रेल रोको अभियान का ऐलान
नई दिल्ली
पिछले दो महीने से भी अधिक समय से जारी किसान आंदोलन अब और उग्र होता जा रहा है। नए कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन को अब किसान पूरे देश में खड़ा करने की तैयारी कर रहे हैं। इसी क्रम में अब 16 फरवरी को किसान मसीहा सर छोटूराम की जयंती पर किसान संगठनों ने देशभर में अपनी एक एकजुटता दिखाने का फैसला किया है। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने ऐलान किया है कि 18 फरवरी को रेल रोको अभियान चलाएंगे।
आपको बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सीमा पर पिछले 80 दिनों से हजारों किसान कृषि कानूनों के खिलाफ मोर्चा संभाले हुए हैं। किसान आंदोलन का नेतृत्व कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने बुधवार को राष्ट्रव्यापी रेल रोको अभियान का ऐलान किया। वरिष्ठ किसान नेता और संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य डॉ दर्शन पाल सिंह ने बताया कि 12 फरवरी को राजस्थान के सभी टोल प्लाजा किसान फ्री कराएंगे, इसके बाद 14 फरवरी को पुलवामा हमले की सालगिरह पर शहीद जवानों और किसानों के लिए कैंडल मार्च निकाला जाएगा।

पाठको की राय